यमुनानगर। बैंक से पैसे लेकर घर लौट रहे पिता-पुत्र से 35 हजार छीनने की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस टीम ने छछरौली क्षेत्र के जंगल से एक आरोपी को काबू कर लिया। आरोपी के दूसरे साथी की तलाश में भी पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19 हजार रुपये भी बरामद किए हैं।
अपराध शाखा-2 इंचार्ज अनेश कुमार ने बताया कि बीते सोमवार को गांव लोप्यों निवासी जाफर अली अपने पिता जलालुदीन के साथ गांव लेदी में बैंक से पैसे निकलवाकर अपने गांव जा रहे थे। जब वो अपने गांव के मोड पर पहुंचे तो पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने उनसे 35 हजार रुपये छीन लिए थे।
इसका मुकदमा छछरौली थाने में दर्ज किया गया था। एसपी ने इस मामले की जांच अपराध शाखा-2 को दी थी। बुधवार को टीम ने मुखबिर की सूचना पर वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को छछरौली के जंगल से काबू किया।
पूछताछ पर आरोपी की पहचान छछरौली के गांव कोट बसावा सिंह निवासी मनीष के रूप में हुई। पुलिस ने मनीष के कब्जे से 19 हजार रुपये भी बरामद कर लिए। इसके साथ ही उसके दूसरे साथी की भी पहचान हो गई है। दूसरे साथी की गिरफ्तारी को टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
तमंचे के साथ एक काबू किया
यमुनानगर। पुलिस ने देशी तमंचे के साथ एक आरोपी को काबू किया। स्पेशल स्टाफ इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि संदिग्ध युवक को काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान यमुनानगर की गुलाब नगर कालोनी निवासी प्रिंस उर्फ अंशुल के रूप में हुई। पुसिल ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा भी बरामद किया।