संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को काबू कर लिया है। उसके भाई की तलाश की जा रही है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट में एक केस दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
बीती रविवार की रात को दादूपुर हैड पर चोर होने के शक में किशोर की हत्या के मामले में पुलिस ने दो भाइयों तरसेम और सुखदेव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी। पुलिस ने एक आरोपी तरसेम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक घटना के समय आरोपी अपने घर के सामने खड़ा था।
वहां पर आर्यन अपने साथियों के साथ आया था। वह फोन पर बात करने लगा तो इसी बात को लेकर उनमें विवाद हो गया था। इसके बाद आरोपी तरसेम ने अपने भाई को बुला लिया और धारदार हथियार से आर्यन और उसके दोस्तों पर हमला कर दिया था। इससे आर्यन की मौके पर ही मौत हो गई थी।
एसएचओ अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर एक दिन की कस्टडी रिमांड पर लिया है। रिमांड में गहनता से पूछताछ की जाएगी। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया जाएगा। दूसरे आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है।