संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। दी पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के बैनर तले पटवारियों का विरोध मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। पटवारियों ने केवल अपने मूल सर्कल का काम किया और अतिरिक्त मिले सर्कल के काम को हाथ नहीं लगाया। ऐसे में लोगों को काम के लिए धक्के खाने पड़े।
जिले में करीब 90 पटवार सर्कल हैं और पटवारियों की संख्या कुल 34 है। ऐसे में मात्र 34 सर्कल का ही काम किया गया। जबकि किसी पटवारी ने अपने अतिरिक्त सर्कल का काम नहीं किया। पटवारियों का यह विरोध बुधवार को भी जारी रहेगा। इसके बाद एसोसिएशन की ओर से इसके आगे की रणनीति की घोषणा की जाएगी।
पटवारियों के काम न करने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान जिले में 70 से ज्यादा इंतकाल, करीब 200 रिहायशी प्रमाणपत्र, करीब 50 नकल, गिरदावरी, 50 से 60 फर्द संबंधी काम अटक गए हैं। दो दिन में करीब 175 इंतकाल, 500 रिहायशी प्रमाणपत्र, 150 नकल, गिरदावरी, करीब 125 फर्द संबंधी काम प्रभावित हुए हैं।
जिले में प्रदर्शन का नेतृत्व एसोसिएशन प्रधान रामफल कर रहे हैं। महासचिव अवतार सिंह ने कहा कि खुफिया विभाग की ओर से भ्रष्ट पटवारियों की सूची तैयार की गई है। मुख्यमंत्री का इस पर कहना है कि सूची वायरल होने के प्रकरण की जांच की जाएगी। उन्होंने सरकार की ओर से सूची जारी करने से इन्कार किया है। ऐसे में यह बेहद गंभीर मामला बन जाता है। वहीं खुफिया विभाग की इस सूची में उन लोगों के नाम भी शामिल हैं, जिनकी मृत्यु दो साल पहले हो चुकी है। यह बेहद शर्मनाक है कि दिवंगत व्यक्ति की छवि पर कीचड़ उछाला जा रहा है। किसी को भी इस तरह का कार्य नहीं करना चाहिए।