संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। कांसली गांव में खेड़ा मंदिर पर पथराव होने के बाद तनाव की स्थिति बन गई। लोगाें ने इसका आरोप विशेष समुदाय के लोगों पर लगाया है। इसके विरोध में विश्व हिंदू परिषद व अन्य संगठनों के सदस्य व लोगों ने थाने पहुंच कर नारेबाजी की। जिस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला सहित 10 लोगों के खिलाफ धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। वहीं मामले में पंचायत करने करने को लेकर विशेष समुदाय के लोगों के न पहुंचने पर विश्व हिंदू परिषद और अन्य धार्मिक संगठन भड़क गए। संगठनों ने मामले में कार्रवाई न करने का पुलिस पर आरोप लगाया और इसे लेकर थाने में नारेबाजी की। हंगामें के बीच डीएसपी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। डीएसपी प्रमोद कुमार ने शनिवार दोपहर 12 बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। जिसके बाद पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं विश्व हिंदू परिषद व अन्य संगठनों ने गिरफ्तारी न होने पर रोड जाम करने की चेतावनी दी थी।
प्रतापनगर पुलिस को दी शिकायत में कांसली निवासी जसबीर सिंह ने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर 22 जनवरी को खेड़े पर सजावट कर उत्सव मनाया गया। इस दौरान खेड़ा मंदिर पर लड़िया लगाई गई थी। मंदिर में कीर्तन किया गया, जिसके लिए लाउडस्पीकर लगाए गए थे। मंदिर बनने का उत्साह लोगों ने आतिशबाजी कर मनाया। इस दौरान गांव के करीब एक दर्जन लोग लाठी डंडे लेकर आए और खेड़े पर पथराव कर दिया। उस दिन सभी ने कीर्तन रोक दिया और आतिशबाजी करनी उचित नहीं समझी। 26 जनवरी को फिर से गांव के ही सरबती, किल्लू, सद्दो, बिद्दा उर्फ आबिद, कासिम, गुल्ला, दिलशाद, आशिक, इलियास, मिजाज आए और खेड़े पर फिर से पथराव कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर महिला सहित दस लोगों को नामजद कर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। इससे गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। जिस पर पुलिस नजर बनाए हुए है।