यमुनानगर। खुद पिता का दोस्त बताकर साइबर ठगों ने रुपये भेजने के फर्जी टैक्स मैसेज भेजकर सेक्टर 17 निवासी साक्षी से 45 हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर 17 निवासी साक्षी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। दो दिसंबर को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे कहा कि वह उसके पापा का मित्र बोल रहा है। आरोपी ने कहा कि उसके पापा ने उनके खाते में 15 हजार रुपये डालने के लिए कहा है। इसके बाद आरोपी के नंबर से उसके पास पहले पांच हजार रुपये फिर 50 हजार रुपये का टैक्स मैसेज आया। इसके बाद आरोपी का फिर उसके पास फोन आया और कहा कि गलती से उनके पास 50 हजार रुपये डाल दिए है। बकाया राशि मेरे खाते में वापस भेज दे। टैक्स मैसेज देखकर उसने आरोपी के खाते में 45 हजार रुपये भेज दिए। जब उसने अपना अकाउंट चेक किया तो उसने देखा कि उसके पास एक भी रुपया नहीं आया। आरोपी ने उसके पास फर्जी टैक्स मैसेज भेजकर उससे ठगी की। जब उसने अपने पिता से बात की तो उन्होंने बताया कि उसने अपने किसी दोस्त से रुपये भेजने को नहीं कहा। इस शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।