संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बकाया किराना नहीं जमा करने पर नगर निगम जल्द ही मीरा बाई मार्केट की दस दुकानों को सील करेगा। इन पर निगम का लगभग 31 लाख रुपये किराया बकाया है। बकायादार दुकानदार एक तिहाई किराया जमा करवाकर सीलिंग की कार्रवाई से बच सकते हैं। निगम की ओर से इन दुकानदारों को कई बार नोटिस भेजकर चेताया गया था।
नगर निगम की ओर से किराया जमा न करवाने पर 63 दुकानदारों को अंतिम नोटिस दिया था। इसके बाद कुछ दुकानदारों ने अपना बकाया किराया जमा करवाया व कुछ दुकानदारों ने एक तिहाई किराया जमा करवाया था। इसके अलावा जिन दुकानदारों ने अभी तक बकाया किराया जमा नहीं करवाया, उनकी दुकानों को सील किया जा रहा है।
कुछ दिन पहले निगम ने दर्जनों दुकानों को सील किया था। अब मीरा बाई मार्केट की दुकानों को सील करने की तैयारी है। हालांकि मीराबाई मार्केट के कुछ दुकानदार सोमवार को नगर निगम आयुक्त अजय सिंह तोमर से मिले। उन्होंने सीलिंग की कार्रवाई रुकवाने की मांग की। निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने उन्हें कहा कि आप एक तिहाई किराया जमा करवाकर अपनी दुकान को सील होने से बचा सकते है। इसके बाद तीन दुकानदारों ने एक तिहाई किराया राशि जमा करवाई।
निगमायुक्त अजय सिंह तोमर ने बताया कि किराया जमा न करवाने वाले दुकानदारों के खिलाफ निगम की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। सीलिंग की कार्रवाई से बचने के लिए बकायादार अपना बकाया किराया जल्द से जल्द जमा करवाएं। साथ ही किराएदार हर माह अपना किराया समय पर जमा करवाए। ताकि भविष्य में उन्हें किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। इसके अलावा जो दुकानदार पूरी बकाया एक साथ देने में असमर्थ है, वह एक तिहाई किराया जमा जमा करवा सकते हैं। इसके बाद बकाएदार संपत्तिकर धारकों पर कार्रवाई की जाएगी।