यमुनानगर। तेजली खेल परिसर में चल रहे खेलो इंडिया स्मॉल शूटिंग सेंटर के दस खिलाड़ियों ने राष्ट्र स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप में अपनी जगह पक्की कर ली है। ये चैंपियनशिप 15 नवंबर को मध्यप्रदेश के भोपाल में होगी। यमुनानगर के इन दस खिलाड़ियों का चयन दिल्ली में 26 अगस्त से आठ सितंबर तक चली 42वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।
बता दें कि करीब डेढ़ वर्ष पहले ही तेजली खेल परिसर में चल रहे खेलो इंडिया स्मॉल शूटिंग सेंटर की शुरुआत हुई थी। इससे पहले जिले के खिलाड़ी शूटिंग खेल स्पर्धा में अपना भविष्य बनाने के लिए शहर में निजी या अन्य शहरों के सेंटर पर अभ्यास कर रहे थे। तेजली में सेंटर खुलने के बाद जिले के युवा खिलाड़ियों को निजी या दूसरे शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ रही। वह जिले में ही तेजली स्थित सेंटर पर तीन से पांच घंटे अभ्यास कर पा रहे हैं। इससे उनके धन व समय की बचत हो रही है।
सेंटर के दो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय ट्रायल का हिस्सा बन चुके हैं, जिनमें मॉडल टाउन निवासी तारिणी सेठी व श्यामसुंदरपुरी निवासी वासुदेव शर्मा शामिल है। इसे अलावा सेक्टर-17 निवासी तेजस बेनीवाल व ओजस बेनीवाल, विष्णुनगर निवासी मानस, रेलवे कॉलोनी निवासी मनदीप, मुसिंबल निवासी केशव सैनी, मुस्तफाबाद निवासी दिवांशी, पुलिस लाइन निवासी रेयान, मॉडल कॉलोनी निवासी माधव अरोड़ा का चयन 15 नवंबर को मध्यप्रदेश के भोपाल में होने वाली राष्ट्र स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ है। ऐसा उनके द्वारा नई दिल्ली के तुगलकाबाद में डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 26 अगस्त से आठ सितंबर तक हुई 42वीं नॉर्थ जोन शूटिंग चैंपियनशिप में किए प्रदर्शन के आधार पर हो पाया है।
-
देश के लिए ओलंपिक खेलने व पदक जीतने का ख्वाब
सेंटर पर खिलाड़ियों का प्रशिक्षण दे रहीं कोच गीतू ने बताया कि राष्ट्र स्तरीय शूटिंग चैंपियनशिप के लिए चयनित उक्त दस खिलाड़ियों तीन से पांच वर्षों के अभ्यास के बल पर यह मुकाम हासिल कर दिखाया है। सभी का सपना देश के लिए ओलंपिक में खेलने व पदक जीतने का है, इसके लिए वह रोज तीन से पांच घंटे अभ्यास कर रहे हैं। अपनी ओर से उन्हें खेल की हर बारीकी बताने से लेकर हर संभव मदद का प्रयास किया जा रहा है।
-