संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। कपालमोचन में लगने वाले पांच दिवसीय राज्यस्तरीय मेले में श्राइन बोर्ड द्वारा 122 एकड़ भूमि का अस्थायी अधिग्रहण किया गया है। इस वर्ष भी मेला मास्टर प्लान के तहत आयोजित किया जाएगा। मास्टर प्लान के तहत ही तैयारियों को पूरा किया जा रहा है। मेला क्षेत्र को चार सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर में ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। अंबाला मंडल आयुक्त संजीव वर्मा एक नवंबर को विधिवत रूप से मेले का उद्घाटन करेंगे।
एसडीएम व मेला प्रशासक जसपाल सिंह गिल ने बताया कि संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अपने विभाग से संबंधित सभी कार्य समय से पूर्ण कर ले ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो। मेले की तैयारियों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठकें लगातार ली जा रही हैं। राज्यस्तरीय मेले में प्रत्येक वर्ष आठ लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंचते है। प्रत्येक सेक्टर में स्वास्थ्य विभाग की एक टीम मौके पर तैनात रहेगी।
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को होगा बीमा
जसपाल सिंह गिल ने बताया कि मेला में आने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर कार्य किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा की दृष्टि से देखते हुए प्रति दिन दो से तीन लाख श्रद्धालुओं का बीमा प्रतिदिन किया जाएगा। मेले में आने प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा की जिम्मेदारी श्राइन बोर्ड की बनती है। जिसको लेकर प्रत्येक वर्ष बेहतर कार्य किया जाता है।
मंदिरों को संभालेंगे विभिन्न विभागों के कर्मचारी
कपालमोचन व श्री आदिबद्री में श्राइन बोर्ड के अंतर्गत आने वाले मंदिरों की देखरेख जिले के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के हाथों में होगी। मंदिर की देखरेख के लिए डेढ़ सौ से अधिक कर्मचारियों को लगाया गया है। ये कर्मचारी मंदिर के चढ़ावे व प्रसाद वितरित सहित मंदिरों की अन्य देखरेख का कार्य संभालेंगे। कर्मचारियों की डयूटी तीन शिफ्टों में होगी ताकि डयूटी करने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान
मेले में सफाई काे लेकर प्रत्येक सरोवर, मुख्य मार्ग, सेक्टर में कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। मेला क्षेत्र में 140 कर्मचारी ग्राम पंचायत व नगरपालिका की ओर से व कुछ कर्मचारी ठेकेदार की ओर से नियुक्त किए गए है। सफाई कर्मचारी मेला शुरू होने से पहले, मेले के दौरान व मेले के बाद भी मेला क्षेत्र में सफाई को लेकर कार्य करेंगे। कर्मचारियों को विशेष हिदायत दी गई है कि मेले में श्रद्धालुओं के आवागमन के साथ-साथ सफाई भी जारी रहे। गंदगी को उठा कर निर्धारित स्थान पर एकत्रित किया जाए।
मेला में 24 घंटे मिलेगी बिजली:
मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 24 घंटे बिजली उपलब्ध होगी। बिजली निगम के जेई हरिओम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व मेले को सही प्रकार से संचालित करने के लिए मेला क्षेत्र में मेले के दौरान 24 घंटे बिजली की आपूर्ति रहेगी। निगम द्वारा 15 अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं अचानक तकनीकी खराबी होने पर सात जनरेटर कपालमोचन के लिए व दो जनरेटर आदिबद्री के लिए निर्धारित किए गए हैं। लगभग तीन दर्जन से अधिक कर्मचारी ड्यूटी पर तैनात रहेंगे जो कि तीन शिफ्ट में कार्य कर सेवाएं प्रदान करेंगे।
मेला में तैनात होंगे 2800 पुलिसकर्मी:
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि कपालमोचन में आयोजित होने वाले राज्यस्तरीय मेले में 2800 से अधिक पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे। जिसमें आठ डीएसपी, 20 इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। नाकों में वाहनों की जांच भी की जाएगी। इसके साथ 200 से अधिक एनजीओ व होमगार्ड जवान मौजूद रहेंगे। ड्रोन के जरिए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। एसडीआरएफ की टुकड़ी मौके पर माैजूद रहेगी। बम निरोधक दस्ता मेला क्षेत्र की जांच करेगा। सुरक्षा को देखते हुए अलग-अलग रास्तों पर 15 नाकों काे लगाया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर नाकों की संख्या का बढ़ाया जाएगा।