संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पंचकूला-कलानौर नेशनल हाईवे पर करेहड़ा चौक के पास गोरक्षकों ने करीब तीन क्विंटल मांस से लदा टैंपो पकड़ लिया। गोरक्षकों ने गोमांस होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने टैंपो को कब्जे में लेकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। एक आरोपी मौके से भाग गया। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांधी नगर निवासी गोरक्षा दल के सदस्य हर्षित ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार सुबह वह आशीष के साथ कार में कलानौर चौक की ओर जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि पांजूपुर नहर के पास कुछ लोगों ने चार गोवंश काटे हैं और उनका मांस टैंपो में भरकर उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी है। सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद गोरक्षकों ने पुलिस की मदद से टैंपो का पीछा किया और करेहड़ा चौक के पास उसे पकड़ लिया।
टैंपो चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के डंडोली खेड़ा निवासी अनीश के रूप में हुई। अन्य आरोपियों की पहचान यमुनानगर के गढ़ी निवासी शाहरूख और शादीपुर निवासी नाजिम के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार शाहरूख भाग गया, जबकि अनीश और नाजिम को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मामले में सदर यमुनानगर थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। बरामद मांस का सैंपल लिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मांस की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।