जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ बैठक में जानकारी देते हुए। डीआईपीआरओ
यमुनानगर। राजस्व विभाग ने राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के अधिकारियों और स्टेट होल्डर्स की कपालमोचन में आयोजित होने वाली मॉक एक्सरसाइज को लेकर जिला सचिवालय के सभागार में बैठक की। जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ ने बताया कि आपदा से जुड़े कार्यों की विशेष रूप से जानकारी होनी चाहिए। एनडीआरएफ के निरीक्षक विक्रम सिंह ने बताया कि मॉक एक्सरसाइज एक प्रकार का अभ्यास है जिसका उद्देश्य आपातकालीन स्थितियों के दौरान लोगों और संगठनों को तैयार करना है।
यह वास्तविक जीवन की आपातकालीन स्थितियों (जैसे आग, भूकंप, या हमले) का अनुकरण करता है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर कोई जानता हो कि ऐसी स्थिति में कैसे प्रतिक्रिया देनी है। इस अभ्यास में बचाव, समन्वय और प्रभावितों की सहायता की योजना को परखा जाता है और कमियों की पहचान करके सुधार किया जाता है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ के अधिकारियों द्वारा 29 नवंबर तक जिला के विभिन्न स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों पर शिविर आयोजित कर लोगों को आपदा के समय आपातकालीन स्थितियों का सामना करने और दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को तत्काल सहायता प्रदान करने के लिए तथा आपदा के समय जनहानि से बचने के लिए विस्तार से बताया जा रहा है। इस बैठक में जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. वागीश गुटेन, सिंचाई विभाग के कार्यकारी अभियंता विनोद कुमार, पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ. सतबीर सिंह, रेडक्रॉस सचिव रणदीप सिंह, कृषि विभाग के अजय कुमार आदि मौजूद रहे।
जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ बैठक में जानकारी देते हुए। डीआईपीआरओ