संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा (यमुनानगर)। पहाड़ीपुर गांव के पास महिंद्रा पिकअप ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को टक्कर मार दी। हादसे में पहाड़ीपुर निवासी 17 वर्षीय रमनदीप की मौत हो गई और उसका चचेरा भाई 21 वर्षीय मनोज घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी पिकअप चालक पर केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पहाड़ीपुर निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है कि शुक्रवार को उसके भतीजे मनोज व रमनदीप नई बाइक पर निजी काम से साढौरा आए थे। दोपहर बाद वे दोनों बाइक से पहाड़ीपुर जा रहे थे। जब वे सैदूपुर के मोड़ पर पहुंचे तो सामने से आ रही पिकअप के चालक ने बगैर इंडीकेटर दिए अपने वाहन को सैदूपुर की तरफ मोड़ दिया। इससे बाइक की पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में मनोज व रमनदीप बाइक सहित सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
वह उसी समय वहां पहुंचा। उसने अन्य राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को संभाला। इसी दौरान पिकअप चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। लोगों की मदद से उसने दोनों घायलों को उपचार के लिए नारायणगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक ने रमनदीप को मृत घोषित कर दिया।
मनोज को गंभीर हालत के चलते चंडीगढ़ के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे उपचार दिया जा रहा है। साढौरा थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि आरोपी पिकअप चालक पर केस दर्ज कर लिया है। उसका सुराग लगाया जा रहा है। जल्द ही उसके गिरफ्तार कर लिया जाएगा।