संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। गांव सरावां स्थित एक पेपर मिल कंपनी में मशीन की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के मधेपुरा जिले के गांव बामनी निवासी राहुल पुत्र नारायणदास के रूप में हुई है। राहुल करीब एक सप्ताह पहले ही अपने पिता के साथ कंपनी में काम करने आया था।
राहुल के दादा बदाया राम और दादी वसुंधरा भी कई वर्षों से इसी कंपनी में काम कर रहे हैं। बताया गया कि काम के दौरान अचानक राहुल का पांव मशीन की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया।
इस दौरान परिजनों और पुलिस के बीच कहासुनी भी हुई। परिजन ठेकेदार को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।