रोडवेज बस चालक का किशोर बेटा पश्चिमी यमुना नहर में डूब गया। किशोर कॉलेज में पढ़ता था और दोस्तों के साथ हथनीकुंड बैराज घूमने आया था।
साथ आए दोस्तों ने हादसे की सूचना परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने नहर में युवक की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा। परिजन गोताखोरों की मदद से छात्र की तलाश में घटना स्थल पर मौजूद रहे।
बैंक कॉलोनी रोडवेज में चालक रणजीत सैनी का 17 वर्षीय बेटा आदित्य सोमवार को अपने कॉलेज के दो दोस्तों के साथ हथनीकुंड बैराज पर घूमने आया था। इस दौरान वह नहर में गिर गया और उसमें डूब गया। आदित्य के दोस्तों ने इसकी सूचना परिजनों और खिजराबाद पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू कर दी, लेकिन देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लगा। मामले के जांच अधिकारी खिजराबाद थाना तैनात एएसआई चंद्रपाल ने बताया कि सूचना के बाद से पुलिस छात्र की तलाश नहर में कर रही है। मंगलवार देर शाम तक युवक की तलाश जारी रही लेकिन कोई सफलता नहीं मिल पाई।