संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। भारत स्काउट एवं गाइड्स का एक दल राज्य प्रशिक्षण केंद्र तारा देवी शिमला के लिए रवाना हुआ। इस दल में शामिल स्वयंसेवक राज्य पुरस्कार कैंप में भाग लेने गए। जिसको उप जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जिला संगठन आयुक्त संदीप गुप्ता एवं ऋतु यादव ने बताया कि इस तरह के कैंप समय-समय पर जिला इकाई द्वारा आयोजित किए जाते हैं। जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास की भावना के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास करना होता है। सुनीता त्यागी ने बताया की इस कैंप में बच्चे कठिन परिस्थितियों में किस प्रकार जीवन यापन कर सकते हैं और अपना शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक विकास किस प्रकार कर सकते है।
इस प्रकार की गतिविधियां बच्चे कैंप में सीखने वाले हैं। कैंप में जिला के चार विद्यालय, जिनमें हिंदू पब्लिक स्कूल जगाधरी, राजकीय उच्च विद्यालय भूड़कलां , राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खदरी और गॉड ब्लेस पब्लिक स्कूल मुजाफत कलां के स्काउट और गाइड भाग लेने जा रहे हैं। इस मौके पर डीटीसीरजनीश गुप्ता, मांगेराम , विशाल कुमार, सुनील कुमार, अमरजीत सिंह आदि उपस्थित रहे।