जगाधरी। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (डीसीसीबीआई) की ओर से करवाए जा रहे तीन दिवसीय टूर्नामेंट का रविवार को दूसरा दिन रहा। दूसरे दिन इंडिया ए ने इंडिया बी को 107 रन के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की और पहले मैच की हार का बदला ले लिया। सोमवार को फाइनल मैच खेला जाएगा।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया-ए ने पूरे 20 ओवर खेले। इस दौरान टीम ने आठ विकेट के खोकर 185 रन बनाए। इसमें मिथिलेश सिंह ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 56 रन विस्फोटक पारी खेली। वहीं, वसीम ने 33 रन तथा लक्की कराड़िया ने मात्र 12 गेंदों में 28 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया-ए के ओपनर खिलाड़ी शनिवार की तरह बल्लेबाजी नहीं दिखा सके और जल्द ही क्रिज से लौटना पड़ा। टीम ए के खिलाड़ियों ने शानदार गेंदबाजी की और प्रतिद्वंद्वी टीम बी को 10.1 ओवर में 78 रन बनाकर समेट दिया। टीम की ओर से बलराज ने सर्वाधिक 44 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का सहयोग नहीं मिला और दूसरी छोर से विवेक गिरते रहे। गेंदबाजी में कैलाश प्रसाद का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। कैलाश ने चार ओवर में कुल 27 रन दिए और बी टीम के सात विकेट चटकाए। इस मैच के असली हीरो कैलाश प्रसाद बनें। उनके अलावा सैयद शाह अजीज और शौकत अली ने भी महत्वपूर्ण विकेट लिए। इस मैच में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष राहुल भान मुख्यातिथि रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा व संघर्ष की सराहना की।
विज्ञापन
इस दौरान डीसीसीबीआई सीईओ गजल खान और आयोजक एवं केसरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स संचालक कृष्ण मलिक उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और उनके हौसले की खूब तारीफ की। यही नहीं मैच देखने आए लोगों ने भी दिव्यांग खिलाड़ियों के हौसले को सलाम किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक निशक्ता को खिलाड़ियों ने कमजोरी नहीं बल्कि जज्बा बनाया है।
फाइनल मैच आज सेक्टर-18 स्थित एंजल एकेडमी में खेला जाएगा। इस के बाद टूर्नामेंट विजेता टीम के साथ बेहतरीन व श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।