जगाधरी। सरस्वती विद्या मंदिर में चल रहे 14 हरियाणा बटालियन एनसीसी के अंबाला ग्रुप थल सैनिक शिविर में कैडेट्स ने उत्साह दिखाया। शिविर में जेडआरओ अंबाला छावनी से सूबेदार मेजर किशोर चंद्रा ने सशस्त्र बलों में प्रवेश विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने कैडेट को शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और समर्पण का महत्व बताया।
उन्होंने कैडेट्स को भारतीय सेना में भर्ती की विभिन्न योजनाओं, पात्रता, चयन प्रक्रिया व उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। इसके साथ सूबेदार कलाम नेगी ने एनसीसी के उद्देश्य और लक्ष्य विषय पर व्याख्यान दिया और चरित्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, साहसिक भावना और राष्ट्र सेवा के मूल्यों से कैडेट्स को अवगत करवाया।
उन्होंने युवाओं से जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। यह शिविर अंबाला ग्रुप एनसीसी के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर रोहित सहगल के निर्देशों पर लगाया जा रहा है। शिविर की निगरानी कमांडिंग ऑफिसर कर्नल पंकज पारीक कर रहे हैं। प्रशासनिक व्यवस्था लेफ्टिनेंट कर्नल कुमुद मैनी के नेतृत्व में संचालित की जा रही है।