संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को मांगों और समस्याओं को लेकर जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी (डीईईओ) अशोक राणा से सेक्टर-18 स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षकों की समस्याओं और आवश्यक बजट उपलब्ध करवाने सहित विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राज्य संगठन सचिव कुलवंत सिंह ने किया। जिला प्रधान सुरेंद्र कांबोज ने बताया कि बैठक में विद्यालयों के संचालन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को विस्तार से रखा गया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को एमआईएस से संबंधित तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिनका शीघ्र समाधान जरूरी है। इसके अलावा स्कूलों में पाठ्य-पुस्तकें समय पर उपलब्धता करवाने, मिड-डे मील की गुणवत्ता में सुधार के साथ राशन की नियमित आपूर्ति की मांग उठाई।
ज्ञापन में विद्यालयों में पार्ट-टाइम स्वीपर की नियुक्ति, बिजली बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराने, पार्ट-टाइम स्वीपर और चौकीदार के मानदेय का बजट जारी करने तथा स्कूलों के शौचालयों की मरम्मत के लिए अलग से बजट आवंटित करने की भी मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि इन सुविधाओं के अभाव में विद्यालयों के सुचारु संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी, जबकि अन्य मामलों को उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजा जाएगा। इस दौरान पूर्व राज्य सचिव कृष्ण पाल राणा, जिला महासचिव रामस्वरूप, खंड जगाधरी प्रधान कुलदीप कांबोज, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।