संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले के साढौरा, व्यासपुर और प्रतापनगर क्षेत्र शिवालिक पर्वतमाला से सटे हैं और यह घाड़ क्षेत्र के नाम से जाना जाता है। भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम एवं अपेक्षाकृत पिछड़ा होने के कारण यहां लंबे समय से शिक्षकों की कमी है। शिवालिक से सटे घाड़ क्षेत्र साढौरा, व्यासपुर व प्रतापनगर को भी विशेष क्षेत्र का दर्जा प्रदान किया जाए। यह बात एसएमसी प्रधान मनु कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री से संवाद कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला कार्यक्रम में साढौरा के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुआ। इसमें जिले की सभी एसएमसी प्रधान व सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम नोडल अधिकारी जिला परियोजना समन्वयक केएस संधावा के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान एसएमसी प्रधान मनु कुमार ने मुख्यमंत्री से बात की।
उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि इस बार विद्यालय की एक छात्रा ने प्रदेशभर में मेडिकल संकाय में टॉप किया है, जिसे शिक्षामंत्री की ओर से सम्मानित भी किया गया है। संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यालय प्रबंधन समितियों से विद्यालयों में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। विद्यालय प्राचार्य गुरदीप गुलाटी ने भी मुख्यमंत्री से संवाद किया।
उन्होंने क्षेत्र में परिवहन की समस्या रखी। उन्होंने कहा कि यदि परिवहन सुविधा बढ़ेगी तो ग्रामीण क्षेत्रों को और बेहतर शिक्षा सुविधा मिल सकती है। इसके लिए छछरौली की तरह विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा योजना की मांग की। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने रोडवेज महाप्रबंधक को पत्र लिखकर व्यवस्था करवाने का आश्वासन दिया।
नोडल अधिकारी केएस संधावा ने बताया कि संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने साढौरा विद्यालय की विद्यालय प्रबंधन समिति प्रधान से सीधे चर्चा की। प्रधान ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया की यह विद्यालय रिजल्ट के मामले में बहुत ही अव्वल रहा है और इस बार इस विद्यालय की एक छात्र ने हरियाणा भर में मेडिकल में पूरे हरियाणा में टॉप किया है। इस दौरान एडीसी नवीन अहूजा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी धर्म सिंह राठी, विद्यालय प्राचार्य गुरदीप गुलाटी, जगाधरी खंड शिक्षा अधिकारी सुनीता, खंड शिक्षा अधिकारी व्यासपुर नरेश कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति सदस्य, विद्यालय स्टाफ सहित अन्य उपस्थित रहे।