यमुनानगर। प्रॉपर्टी टैक्स पर दी जा रही शत-प्रतिशत ब्याज माफी योजना के अंतिम दिन नगर निगम के तीनों कार्यालयों में लोगों की भीड़ लगी रही। सुबह से ही नगर निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों (सीएफसी) में टैक्स जमा कराने के लिए लोगों की कतारें दिखाई दीं। अंतिम दिन निगम के खजाने में एक करोड़ रुपये से अधिक का संपत्ति कर जमा हुआ।
निगम प्रशासन ने साफ कर दिया है कि एक जुलाई से किसी भी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी और अब संपत्तियों मालिकों से पूरे ब्याज समेत टैक्स वसूला जाएगा। इसके साथ ही, जिन बकाएदारों का टैक्स एक लाख रुपये से अधिक है, उनके खिलाफ निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। ऐसे बकाएदारों को जल्द ही नोटिस भेजने की तैयारी पूरी हो चुकी है, जिसके बाद उनकी संपत्तियों को सील करने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
मंगलवार को बिना ब्याज टैक्स चुकाने का आखिरी मौका था, जिसे कोई भी छोड़ना नहीं चाहता था। सुबह होते ही जगाधरी, कन्हैया साहिब चौक और शहीद भगत सिंह चौक स्थित नगर निगम कार्यालयों में मालिकों की भीड़ जुटने लगी। नागरिक सुविधा केंद्र खुलते ही टोकन लेने के लिए लंबी लाइनें लग गईं। टोकन हासिल करने के बाद करदाताओं ने सुचारू रूप से काउंटर पर जाकर अपना टैक्स जमा कराया। दिनभर केंद्रों पर भारी गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।