फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: खेल सुविधाओं के अभाव में दम तोड़ रहीं व्यासपुर की प्रतिभाएं

Fri, 05 Jun 2026 01:21 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
उबड़ खाबड़ व्यासपुर का खेल मैदान। संवाद
विज्ञापन
राजेश कुमार
विज्ञापन

व्यासपुर। प्रतिभा की कमी नहीं है, जुनून भी भरपूर है और खिलाड़ियों में आगे बढ़ने का जज्बा भी है, लेकिन खेल सुविधाओं के अभाव में व्यासपुर की खेल प्रतिभाएं दम तोड़ रही हैं। जिले की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत और उपमंडल का दर्जा प्राप्त होने के बावजूद गांव में आज तक ऐसा कोई खेल ढांचा विकसित नहीं हो सका, जहां खिलाड़ी नियमित और बेहतर माहौल में अभ्यास कर सकें।
व्यासपुर और आसपास के गांवों के खिलाड़ियों के लिए खेल अभ्यास का एकमात्र केंद्र राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का मैदान है। लेकिन इस मैदान की हालत भी खिलाड़ियों की उम्मीदों पर पानी फेर रही है। मैदान में पूरे दिन बेसहारा पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। पशुओं के कारण मैदान में जगह-जगह गोबर फैला रहता है, जिसे कई बार खिलाड़ियों को स्वयं साफ करना पड़ता है ताकि वे अभ्यास कर सकें।
विज्ञापन

खिलाड़ियों का कहना है कि खेल मैदान की नियमित देखरेख नहीं होने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के दिनों में मैदान की स्थिति और भी खराब हो जाती है। खिलाड़ियों के अनुसार यदि मैदान को समतल कर उसकी उचित देखभाल की जाए तो यहां फुटबॉल, एथलेटिक्स और अन्य खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार किया जा सकता है।
क्रिकेट खिलाड़ी मानष, तनमय, ओजस, रिदित, अर्नव, आरव व देवयांश ने बताया कि स्थिति केवल दिन तक ही सीमित नहीं है। शाम ढलते ही मैदान का माहौल पूरी तरह बदल जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार मैदान शराब पीने वालों का अड्डा बन जाता है। शराब पीने के बाद खाली बोतलें मैदान में ही फेंक दी जाती हैं। कई बार कांच के टुकड़े मैदान में बिखरे रहते हैं, जिससे खिलाड़ियों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। खाने-पीने की वस्तुओं का कचरा भी मैदान में पड़ा रहता है, जिससे खेल वातावरण प्रभावित होता है।
फुटबाल खिलाड़ी लगन, अभिमन्यु, कार्तिक, शिवाय, शांतनु, उदयवीर, युद्धवीर व अर्नव ने बताया कि वर्षों से गांव में स्टेडियम बनाने की मांग उठती रही है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष यह मुद्दा रखा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। वहीं जिले के कई छोटे गांवों में खेल मैदान और स्टेडियम जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं, जहां से खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच रहे हैं।
यदि किसी क्षेत्र में खेल सुविधाएं उपलब्ध हों तो वहां की युवा प्रतिभाएं न केवल खेलों में बल्कि अनुशासन और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करती हैं। व्यासपुर जैसे बड़े क्षेत्र में स्टेडियम का न होना युवाओं के विकास की राह में बड़ी बाधा है। गांव और आसपास के क्षेत्रों में फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स और अन्य खेलों में रुचि रखने वाले सैकड़ों युवा हैं। कई खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं की तलाश में दूसरे क्षेत्रों का रुख करने को मजबूर हैं। संवाद
खलती है स्टेडियम की कमी
फुटबॉल कोच उपकार सिंह का कहना है कि पिछले 16 वर्षों से व्यासपुर में बच्चों को निशुल्क फुटबॉल का प्रशिक्षण दे रहा हूं। यहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, लेकिन खेल सुविधाओं की भारी कमी है। खिलाड़ी खराब मैदान में अभ्यास करने को मजबूर हैं। स्टेडियम और बेहतर संसाधन हो तो कई खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन कर सकते हैं।
खुद उठाते पशुओं का गोबर
फुटबॉल खिलाड़ी कार्तिक का कहना है कि हम रोजाना अभ्यास के लिए मैदान में आते हैं, लेकिन पहले मैदान से गोबर और कचरा हटाना पड़ता है। कई बार टूटी बोतलों के कांच भी पड़े होते हैं। ऐसे माहौल में अभ्यास करना मुश्किल होता है। यदि हमें अच्छा मैदान और सुविधाएं मिलें तो हम भी बड़े स्तर पर खेल सकते हैं।
चोट लगने का रहता है डर
खिलाड़ी अरमान का कहना है कि व्यासपुर इतना बड़ा क्षेत्र है, लेकिन यहां खिलाड़ियों के लिए कोई स्टेडियम नहीं है। कई बार अभ्यास के दौरान चोट लगने का डर बना रहता है। हम चाहते हैं कि सरकार और प्रशासन हमारी समस्या को गंभीरता से लें ताकि युवाओं को आगे बढ़ने का मौका मिल सके।
विज्ञापन

टूट रहा है मनोबल
खिलाड़ी लक्ष्य का कहना है कि हमारे गांव में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। बहुत से युवा खेलों में कॅरियर बनाना चाहते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में उनका मनोबल टूट जाता है। यदि यहां आधुनिक खेल मैदान और प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हों तो निश्चित रूप से व्यासपुर से भी बड़े खिलाड़ी निकल सकते हैं।

उबड़ खाबड़ व्यासपुर का खेल मैदान। संवाद

उबड़ खाबड़ व्यासपुर का खेल मैदान। संवाद

उबड़ खाबड़ व्यासपुर का खेल मैदान। संवाद

उबड़ खाबड़ व्यासपुर का खेल मैदान। संवाद

उबड़ खाबड़ व्यासपुर का खेल मैदान। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें