संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। देरी के बाद सोमवार को शिक्षा विभाग की पर्यावरण विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सरस्वतीनगर खंड से किया गया है। प्रतियोगिता राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरस्वतीनगर में करवाई गई। प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाकौर प्रथम रहा।
दूसरा स्थान राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक सरस्वती नगर और तीसरा स्थान पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलावड़ ने पाया। तीनों विजेता जिलास्तरीय प्रदर्शनी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता में खंड शिक्षा अधिकारी करनैल सिंह संधावा मुख्यातिथि रहे।
यह प्रतियोगिता राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद गुरुग्राम की ओर से करवाई जा रही है। यह स्पर्धा तीन चरणों में होगी। पहले चरण में खंडस्तरीय प्रतियोगिता होगी। खंड विजेता जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। इसके बाद जिला विजेताओं के नाम राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए भेजे जाएंगे। विजेताओं को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।
खंडस्तरीय प्रतियोगिता के प्रथम विजेता आठ हजार, द्वितीय को छह हजार, तृतीय विजेता को चार हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं, एक टीम को 2000 रुपये का सांत्वना पुरस्कार दिया जाना है। प्रतियोगिता में पीजीटी कपिल, पीजीटी दीपिका और पीजीटी सोनिया निर्णायक मंडल की भूमिका में रहे। मुख्यातिथि व निर्णायक मंडल ने प्रदर्शनी के मॉडल संबंधी विद्यार्थियों से सवाल पूछे।
मुख्यातिथि बीईओ केएस संधावा ने विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान पीएमश्री विद्यालय कलावड़ प्राचार्य सर्वोदय कुमार गोयल, जमालपुर विद्यालय प्राचार्या निर्मल, सरस्वतीनगर विद्यालय प्राचार्य वीरेंद्र कुमार धीमान, विनोद जरोरा, विशाल सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता अमरदीप वर्मा व प्रवक्ता योगेश कुमार ने किया।
यह रहे विजेता
सरस्वतीनगर खंड की प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तलाकौर की जसलीन ने पहला स्थान पाया। वहीं दूसरे स्थान पर राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सरस्वतीनगर की भावना रही। तीसरा स्थान पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कलावड़ के कुणाल धीमान ने प्राप्त किया। वहीं, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक भंभौल के ध्रुव ने सांत्वना पुरस्कार पाया। प्रतियोगिता के पहले तीन विजेताओं का चयन जिलास्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।