यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के मेडिकल के नाम पर रिश्वत लेने के आरोपी स्वीपर दसौरा गांव निवासी गौरव व उसके साथी सलेमपुर निवासी जगदेव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी गौरव जगदेव की मदद से अस्पताल में आने वाले भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनके आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाणपत्र व मेडिकल बनवाने के नाम पर रिश्वत लेता था।
तीन शिकायतें मिलने पर जिला अस्पताल की चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या मंगला ने इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की थी। आरोप सही पाए जाने पर शहर थाने में केस दर्ज कराया गया था। आरोपी ने मेडिकल कराने के नाम पर दो लोगों से 8050-8050 रुपये और एक अन्य से 1200 रुपये लिए थे। डीएसपी राजेश कुमार का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
डाॅ. दिव्या मंगला ने दी शिकायत में बताया कि उन्हें कुछ दिन पहले बूड़िया के नाई मोहल्ला निवासी इमरान ने शिकायत दी थी कि उसका भाई नदीम दिव्यांग है। उसका अभी तक आधार कार्ड नहीं बना है। जिस कारण उसका दिव्यांगता का प्रमाणपत्र भी नहीं बन पा रहा। वह दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए जुलाई माह में मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल में आया था।