सोमनदी में उफान आने पर प्रशासन ने रणजीतपुर में सोम नदी पर बने पुल से वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद कर दिया है। रविवार रात से हो रही तेज बारिश के कारण सोमवार को सोम नदी उफान पर बह रही है। पानी का बहाव तेज होने के कारण पुल के दोनों तरफ बनी कंकरीट की दीवार ढह चुकी है। जिससे खतरा बढ़ गया। सोमनदी में पानी के बहाव को बढ़ता देख प्रशासन द्वारा एहतियात के तौर पर पुल से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दी गई। पुल पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई। साथ ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर पुल की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है।
यह पुल हिमाचल-हरियाणा को आपस में जोड़ता है। पुल बंद होने से हरियाणा प्रदेश का हिमाचल प्रदेश से संपर्क रुक गया है। आवाजाही बंद होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रविवार के तेज बारिश के कारण पुल का एक हिस्सा धंस गया था जिसके के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी। मौके पर लोकनिर्माण विभाग के अधिकारियों ने पहुंच कर मरम्मत कार्य करवाया। तीसरे दिन की बारिश से सोमनदी के उफान का पानी पुल को छूता हुआ निकला। सोमनदी के उफान को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ भी एकत्रित हो गई। प्रशासन ने रविवार सुबह साढे़ 10 बजे पुल से आवाजाही को बंद कर दिया था।