संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी बलजीत कौर के खिलाफ विभाग की सुपरवाइजरों का आंदोलन खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। सुपरवाइजर बलजीत कौर का ट्रांसफर कराने की मांग पर अड़ी हुई हैं। इसके लिए कई दिनों से उनके कार्यालय में लगातार प्रदर्शन किया जा रहा है।
सुपरवाइजरों व अन्य कर्मचारी संगठनों ने डीपीओ कार्यालय पर मंगलवार को भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता आईसीडीएस सुपरवाइजर वेलफेयर एसोसिएशन की जिला प्रधान पायल मलिक ने की। प्रदर्शन के दौरान सुपरवाइजर द्वारा डीपीओ के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। उन्होंने पीओ की किसी दूसरे जिले में तबादला करने की मांग को लेकर महिला बाल विकास विभाग की निदेशक के नाम ज्ञापन भी दिया।
जिला प्रधान पायल मलिक ने कहा कि सुपरवाइजरों के प्रदर्शन की आज तक भी जिला प्रशासन ने कोई सुध नहीं ली है। इससे सभी सुपरवाइजर्स में भारी रोष है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान महिपाल सौदे, जिला सचिव गुलशन भारद्वाज, सीटू जिला सचिव शरबती व रिटायर्ड संघ जिला प्रधान जोत सिंह ने कहा कि आज हमें पूरी उम्मीद थी कि जांच कमेटी सुपरवाइजरों के हक में फैसला लेगी।
अधिकारियों की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अगर एसोसिएशन के साथ न्याय नहीं हुआ तो इस आंदोलन को अपने हाथ में लेकर किसी बड़े निर्णय के साथ सड़कों पर उतरना पड़ेगा। मौके पर एसकेएस ब्लॉक प्रधान प्रेम प्रकाश, नगरपालिका से पपला, राजबाला, सोरन ढलोर, सुरेश, स्वास्थ्य से विजय कुमार, विजय कुमार, अग्निश्मन से शशिभूषण, सुरेंद्र काला, रमेश, रिटायर्ड संघ से कुलदीप सिंह, तीर्थ राम ऋषि, राजबीर पिंडोरा आदि उपस्थित रहे।