संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सुबह-शाम के अलावा अब दिन में भी ठंड महसूस होने लगी है। रविवार को अन्य दिनों की अपेक्षा दिन में धूप तो निकली, लेकिन बेअसर रही। कमरों में बैठने पर हल्की ठंड का अहसास हुआ। वहीं हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों से सटी यमुनानगर की सीमा में सुबह के समय हल्की धुंध का असर भी देखने को मिला।
हालांकि धुंध थोड़ी देर के लिए ही रही, जैसे ही धूप निकली तो मौसम साफ हो गया। जिले का अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से जिले में बादल छाएंगे जो शुक्रवार तक रहेंगे। बादलों की वजह से ठंड में थोड़ी और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम में आ रहे बदलाव का असर लोगों के खानपान पर भी देखा जा रहा है। जो लोग कुछ दिन पहले तक शीतल पेय पदार्थों का आनंद गर्मी से बचने के लिए लेते दिख रहे थे वह अब चाय की दुकानों पर ज्यादा दिख रहे हैं। चाय की दुकानों पर ज्यादा भीड़ है। एक व्यक्ति दिन में औसतन दो से तीन कप चाय पी रहा है। इससे दुकानों पर चाय की मांग काफी बढ़ रही है।
बच्चों और बुजुर्गों रखे ध्यान : डॉ. मंगला
बदलते मौसम में चिकित्सक लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। उप जिला नागरिक अस्पताल जगाधरी के एमएस डॉ. अनुज मंगला ने बताया कि ऐसे मौसम में बच्चों व बुजुर्गों का ज्यादा ध्यान रखने की जरूरत है। इस उम्र में मौसम का असर ज्यादा होता है। इससे वह बुखार, खांसी, जुकाम की चपेट में आ सकते हैं। उनके पास रोजाना बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंच रहे हैं। उनकी सलाह है कि यदि दो-तीन दिन में आराम न लगे तो तुरंत किसी अच्छे चिकित्सक से चेकअप कराना चाहिए।