संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। जिले में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदला दिखाई दे रहा है। दो दिन से सुबह हल्की धूप निकल रही है। इसके साथ ही ग्रामीण सहित शहर में फिर से कोहरा दस्तक दे रहा है। हालांकि कोहरा घना न होने से इसका यातायात पर कोई ज्यादा असर नहीं पड़ा है, लेकिन सुबह और शाम ठंड में कुछ वृद्धि देखने को मिल रही है।
मौसम में उतार-चढ़ाव के बीत शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस तक बना रहा। धूप निकलने से अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई है, लेकिन न्यूनतम तापमान जस के तस बना हुआ है। शनिवार को सुबह भी धूप हल्की रही। दिन चढ़ने के साथ दोपहर 12 बजे तक धूप ने अपना पूरा असर दिखाया।
इसके साथ दिनभर 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली उत्तर-पश्चिमी हवा ने तड़के व शाम को कनकनी बनाए रखी। धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवा के कारण लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। शाम को ठंड का असर बाजारों पर भी देखने को मिला। तेज ठंडी हवा ने लोगों ने को खूब सताया। इससे मौसम में नमी के साथ ठिठुरन बनी रही।
सर्दी के कारण रात होने तक शहर के बाजार वीरान होने लगे। देर रात तक गुलजार रहने वाले बाजार भी नौ बजे बंद हो गए। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस सप्ताह बुधवार तक मौसम इसी तरह परिवर्तनशील बना रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना से मंगलवार व बुधवार को बारिश के आसार बन रहे हैं। यदि बारिश होती है, तो तापमान में गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठिठुरन और बढ़ जाएगी। वहीं, कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि धुंध और हल्की बारिश गेहूं की फसल के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी।
सुबह के समय छाए घने कोहरे के बीच लाइट जलाकर गुजरते वाहन चालक। संवाद