बाड़ी माजरा पुल पर पॉलिटेक्निक छात्र के नहर में कूदने के बाद मौके पर पहुंचे अन्य छात्र
- फोटो : Yamuna Nagar
कॉलेज से छुट्टी के बाद बाड़ी माजरा पुल से पॉलीटेक्निक का एक छात्र पश्चिमी यमुना नहर में कूद गया। नहर में डूबने की सूचना पर गोताखोर मौके पर पहुंचे और छात्र की नहर में तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने पुल के पास से छात्र की बाइक व बैग बरामद किया। जिसमें से सुुसाइड नोट बरामद किया गया। इसमें छात्र ने लिखा है कि मेरी मौत का कोई जिम्मेवार नहीं है। वह खुद से परेशान होकर अपनी जान दे रहा हूं। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नहर में कूदने वाले छात्र की पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय अक्षय के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार अक्षय एक कॉलेज में पॉलीटेक्निक कम्पयूटर साइंस का छात्र है। उसके पिता रेलवे वर्कशॉप में कर्मचारी है। वह अपने माता पिता का इकलौता बेटा और उसकी एक बहन है। बुधवार शाम को कॉलेज से छुट्टी के बाद छात्र बाइक पर सवार होकर बाड़ी माजरा पुल पर पहुंचा। राहगीरों के अनुुसार छात्र ने बैग बाइक पर रखा और दौड़कर पुल के ऊपर चढ़ गया। इससे पहले वे कुछ समझ पाते युवक ने नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलने पर सदर थाना एसएचओ सुखबीर सिंह व गोताखोर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बैग से मिले दस्तावेेजों के आधार पर युवक की पहचान की और उसके परिजनों को सूचना ही। सूचना मिलने पर अक्षय के साथ पढ़ने वाले छात्र भी मौके पर पहुंचे।
एसएचओ सुखबीर सिंह का कहना है कि छात्र के बैग से मिले सुसाइड नोट में उसने किसी को अपनी मौत का जिम्मेदार नही ठहराया। सुसाइड नोट में उसने खुद से परेशान होकर जान देने की बात कहीं है। फिल्हाल युवक की नहर में तलाश की जा रही है। युवक के मिलने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।