शहर की मिश्रा कॉलोनी में सुअर चोरी होने से परेशान एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गई। व्यक्ति सुअर को बेचकर बेटी की शादी के लिए पैसे जुटाना चाहता था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
मिश्रा कालोनी निवासी शिवम ने बताया कि उसके पिता नरेश का सुअर पालन का कार्य था। उसे अपने सुअरों से काफी लगाव था। कुछ दिन पहले उसका सुअर चोरी हो गया। शिवम ने बताया कि सुअर बेच कर उसके पिता उसकी बहन की शादी के लिए पैसे जुटाना चाहते थे। लेकिन सुअर चोरी होने से वह सदमे में आ गए।
तब से वे काफी परेशान थे। इसके चलते रविवार देर शाम उन्होंने घर में रखा कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत खराब होते देख परिजनों ने तुरंत उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।