संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ऑल इंडिया स्वर्णकार समाज एवं ज्वेलर्स एसोसिएशन की बैठक में शहर के वरिष्ठ व्यापारी एवं समाजसेवक सुभाष चंद्र गौरी को यमुनानगर जिले का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। संगठन की ओर से इसे लेकर शनिवार को शहर में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार वर्मा की अगुवाई में हुई। उन्होंने सुभाष चंद्र गौरी के नाम की घोषणा करते हुए कहा कि संगठन को जिले में और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय नेतृत्व की आवश्यकता है। उन्होंने नव नियुक्त जिला अध्यक्ष से एक सप्ताह के भीतर जिला कार्यकारिणी का गठन करने तथा संगठन के विस्तार के लिए प्रभावी ढंग से कार्य करने का आह्वान किया।
गौरी पहले से ही जिला ज्वेलर्स संगठन के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्य कर रहे हैं। समाज और व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए उन्हें यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। संगठन को विश्वास है कि उनके नेतृत्व में जिले में स्वर्णकार समाज और ज्वेलर्स से जुड़े व्यापारियों को एक मंच पर लाने तथा उनके हितों की आवाज को और मजबूती मिलेगी।
बैठक में संगठन की मजबूती, व्यापारिक एकता, सामाजिक सहयोग और स्वर्णकार समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों ने समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया। इस अवसर पर जितेंद्र वर्मा, हीरालाल होंडा, गुलशन मसाने, राजवीर वर्मा, तलुण वर्मा, वासुदेव वर्मा, विजय वर्मा, दिनेश भोला, रोकेश वर्मा, राज नागरा, गुलशन करावल, लाल सिंह बग्गा और अनिल मोदी मोंगिया सहित शहर के कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।