संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला युवा महोत्सव के आयोजन की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान यमुनानगर में बैठक हुई। प्रिंसिपल दीपेश महेन्द्रू ने बताया कि 21 व 22 नवंबर को जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन होगा। जिसमें जिले भर से सैकड़ों युवा कलाकार हिस्सा लेकर प्रतिभा की छटा बिखरेंगे।
उन्होंने बताया कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस के अवसर पर 12 जनवरी से 16 जनवरी 2025 तक राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में 21 व 22 नवंबर को जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन होगा।
जिला स्तरीय युवा महोत्सव में विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम विजेता राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में भाग ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों के पास आयु प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो का होना आवश्यक है।जिला स्तरीय युवा महोत्सव में लोक नृत्य ग्रुप, लोक नृत्य एकल, लोक गीत ग्रुप, लोक गीत एकल, कहानी लेखन, पेंटिंग, कविता, भाषण प्रतियोगिता, फोटोग्राफी इत्यादि प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।