जगाधरी। ई-अधिगम के तहत विद्यार्थियों को दिए गए टैबलेट अभिभावकों का आर्थिक बोझ बढ़ाने वाले हैं। शिक्षा विभाग ने टैबलेट चलाने के लिए सिम व डाटा देने से मना कर दिया है। निदेशालय ने पत्र जारी कर इसके आदेश दिए हैं। वहीं, पिछले कक्षाओं में दिए विद्यार्थियों के सिम भी बंद करवा दिए हैं। जिसके बाद विद्यार्थियों के टैबलेट को चलाने में परेशानी होगी। शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों को अपने स्तर पर डाटा इस्तेमाल करने की बात कही है।
निदेशालय के आदेशों के बाद अब यह टैबलेट अभिभावकों के लिए सिरदर्द बन गए हैं। यदि अभिभावक चाहते हैं तो उन्हें बच्चों को नई सिम दिलवानी होगी। वहीं, इसका रिचार्ज भी उन्हें स्वयं करवाना होगा। बता दें कि 2जीबी डाटा प्रतिदिन 5जी इंटरनेट का पैक किसी भी कंपनी का 350 रुपये से कम नहीं है। ऐसे में अभिभावकों पर हर महीने इसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से तीन साल ई-अधिगम योजना चलाई गई थी। जिसके तहत राजकीय विद्यालयों के दसवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को टैबलेट दिए थे। इसके साथ उन्हें सिम भी दिलवाई थी, जिसमें उन्हें दो जीबी 5जी डाटा प्रतिदिन मिलता था। परंतु अब विभाग ने सिम व डाटा न देने के ओदश दिए हैं। विद्यार्थियों को केवल टैबलेट दिए जाएंगे। विद्यार्थी स्कूल में विभाग का वाई-फाई इस्तेमाल करेंगे और घर के लिए उन्हें स्वयं इंटरनेट की व्यवस्था करनी होगी।
-
करीब 7500 सिम करवाए बंद
ई-अधिगम योजना में दसवीं से 12वीं के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। दसवीं में अभी दाखिले नहीं हुए हैं। परंतु नौवीं से दसवीं में और 11वीं से 12वीं में आए विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए हैं। इस बार दसवीं में अभी तक करीब 7500 विद्यार्थियों का दाखिला हुआ है। जबकि इतने ही विद्यार्थी 11वीं से 12वीं में आए हैं। नौवीं से दसवीं में आए विद्यार्थियों के नाम पर सिम अप्लाई किए जाने थे। जबकि 12वीं में आए विद्यार्थियों के नाम पर 11वीं में जारी सिम ही इस्तेमाल किए जाने थे। परंतु विभाग ने सत्र समाप्ति के साथ ही 12वीं के सभी विद्यार्थियों के सिम बंद करवा दिए थे। इन आदेशों के बाद अब यह सिम दोबारा एक्टिवेट नहीं करवाए जाएंगे। बता दें कि पिछली बार जिले के कुल 24092 विद्यार्थियों को टैबलेट व सिम दिए गए थे।
-
शिक्षक करेंगे निगरानी
निदेशालय के आदेशों के अनुसार विद्यार्थी स्कूल में विभाग के वाई-फाई से इंटरनेट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इस टैबलेट में विभाग की केवल पीएएल एप चलती है। जिसके लिए निदेशालय ने स्कूल में विद्यार्थियों को वाई-फाई का इस्तेमाल करने के आदेश दिए हैं। वहीं, इंटरनेट इस्तेमाल के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों की गतिविधियों की निगरानी भी करनी होगी। जिसकी जिलास्तर पर भी मॉनिटरिंग की जाएगी।
वर्जन
ई-अधिगम योजना के तहत विद्यार्थियों को इस बार सिर्फ टैबलेट दिए गए हैं। विभाग अब सिम उपलब्ध नहीं करवाएगा। वहीं, पहले से चल रही सिम भी बंद करवा दी गई है। विद्यार्थियों को घर पर निजी और स्कूल में विभाग का इंटरनेट प्रयोग करना होगा।दसवीं व 12वीं के 15000 विद्यार्थियों को टैबलेट दिए गए हैं। जबकि दसवीं में अभी दाखिले चल रहे हैं।
धर्मवीर सिंह राठी, जिला गणित विशेषज्ञ।
-