जगाधरी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं व 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा 27 फरवरी से शुरू हो रही है। वहीं, शिक्षा विभाग ने नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए कड़े प्रबंध किए हैं। परीक्षा के लिए इस बार विद्यार्थियों को पहचान पत्र गले में डालकर आना होगा। इस बार आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग की ओर से सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को निजी स्कूलों की तरह पहचान पत्र दिए गए हैं। इस बार विद्यार्थियों के लिए परीक्षा में स्कूल का आईडी कार्ड गले में डाल कर आना होगा। बिना आईडी कार्ड के विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं, परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को आधा घंटा पहले पहुंचना होगा। इस दौरान जांच के बाद उन्हें प्रवेश दिया जाएगा।
बता दें कि पहले केवल निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के पास आईडी कार्ड होते थे। वहीं, अब शिक्षा विभाग की ओर से सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को भी आईडी कार्ड जारी कर दिए गए हैं। आईडी कार्ड की अनिवार्यता से विभाग का नकल की संभावनाओं पर रोक लगाने का प्रयास है। दूसरी तरफ परीक्षा को लेकर विभाग ने काम शुरू कर दिया है। अधिकारी केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि परीक्षा से पू्र्व सभी प्रबंध दुरुस्त कर लिए जाएं। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, बीआरसी, कलस्टर हेड व प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं। बता दें कि बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में पांच दिन ही शेष हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले पहली से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों को पहचान पत्र दिया है। बोर्ड की परीक्षा में प्रवेश के लिए 10वीं व 12वीं के विद्यार्थियों को यह आईडी कार्ड पहनना जरूरी होगा। ऐसे में जो विद्यार्थी कार्ड से वंचित रह गए थे या किसी का कार्ड खराब अथवा गुम हो गया है उन्हें दूसरा कार्ड जारी किया गया है। ताकि परीक्षा के दौरान उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करें। वहीं, निजी स्कूलों में पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों के पास पहले से ही आईडी कार्ड हैं।
जानकारी के अनुसार इस बार जिले के कुल 31846 विद्यार्थी दसवीं व 12वीं की परीक्षा दे रहे हैं। इनमें सरकारी स्कूल की दसवीं व 12वीं में कुल 13627 विद्यार्थी हैं। जबकि निजी स्कूलों की दसवीं व 12वीं में विद्यार्थियों की कुल संख्या 18219 है। निजी स्कूलों में 10857 विद्यार्थी दसवीं और 7362 विद्यार्थी 12वीं में पढ़ रहे हैं। जबकि जिले के सरकारी विद्यालयों की दसवीं से 7442 और 12वीं से 6185 विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा देंगे।
-
वर्जन
परीक्षा में नकल की संभावनाओं पर रोक लगाने के लिए सभी प्रबंध कर लिए गए हैं। इस बार परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों को आईडी कार्ड पहनना अनिवार्य होगा। बिना कार्ड के प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सरकारी स्कूलों के सभी विद्यार्थियों को कार्ड दिए जा चुके हैं। निजी स्कूलों में यह व्यवस्था पहले से ही है।
धर्मेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी।