संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भेड़थल में विश्व सामाजिक न्याय दिवस पर जागरूकता शिविर लगाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकार बताए गए। साथ ही पॉक्सो व किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी दी गई।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव कीर्ति वशिष्ठ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रही। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्व सामाजिक न्याय दिवस, नालसा (बच्चों के लिए बाल मैत्रीपूर्ण कानूनी सेवाएं और उनका संरक्षण) योजना-2024 के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
उन्होंने ने प्रतिभागियों को बाल तस्करी, शोषण और बाल श्रम, पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आठ मार्च को राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन और नालसा के टोल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी जानकारी दी। स्कूल प्रधानाचार्य ने उनका स्कूल पहुंचने और बच्चों को अहम जानकारी देने पर आभार जताया।