व्यासपुर। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मछरौली में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का समापन हो गया। समारोह में सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक शाखा प्रबंधक विकास कटारिया मुख्यातिथि रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को साइबर अपराध और बैंकिंग धोखाधड़ी के तरीके और इससे बचने के उपायों के बारे बताया।
उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में नकली वेबसाइट और फर्जी एप से ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। इसलिए बैंक की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत मोबाइल एप का ही उपयोग करें। एप हमेशा गूगल प्ले स्टोर या एप स्टोर से ही डाउनलोड करें। सोशल मीडिया पर अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।
विज्ञापन
विकास कटारिया ने कहा कि वे अपने माता-पिता और घर के सदस्यों को भी साइबर ठगी के तरीकों व बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रकार की धोखाधड़ी हो जाए तो तुरंत बैंक को सूचना दें। साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करवाएं।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार ने कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों में सेवा भाव, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व विकसित करते हैं। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने गांव में विभिन्न सामाजिक व जागरूकता कार्यक्रम किए। शिविर के अंतर्गत स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थलों की सफाई की, पौधरोपण का संदेश दिया। इस दौरान मनदीप सिंह, प्रदीप कुमार, सुरेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।