संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सड़क सुरक्षा माह के तहत शनिवार को राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल कैंप में एनएसएस के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देना और उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
यातायात प्रभारी उपनिरीक्षक कुशल पाल राणा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि नियमों की अनदेखी करने से गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं, जिनका असर पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उ
न्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और ट्रैफिक सिग्नल व संकेतों का पालन करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही गलत दिशा में वाहन चलाने के खतरों से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज में बदलाव लाने की बड़ी ताकत रखते हैं। यदि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करेंगे और अपने परिवार व आसपास के लोगों को जागरूक करेंगे, तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों से जुड़े प्रश्न पूछे । सड़क सुरक्षा से जुड़े पोस्टर, ट्रैफिक संकेत चिन्हों और वास्तविक उदाहरणों के माध्यम से भी जानकारी दी गई। इस अवसर पर एनएसएस के बलविंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।