संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग के नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार गांव दड़वा स्थित आदर्श संस्कृति प्राथमिक पाठशाला में कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम अभियान के नोडल अधिकारी महेंद्र सिंह कलेर के नेतृत्व में करवाया गया। अध्यक्षता विद्यालय प्रभारी नरेश कुमार ने की। इस दौरान विद्यार्थियों को नशा न करने की शपथ दिलवाई। वहीं उन्हें नशा करने से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे बताया।
कार्यक्रम में महेंद्र सिंह कलेर ने कहा कि विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहना चाहिए। वहीं ऐसा करने वाले व्यक्ति की संगत नहीं करनी चाहिए। चूंकि संगत का जीवन पर गहरा असर पड़ता है। कलेर ने कहा कि मादक पदार्थों के सेवन लीवर, किडनी, फेफड़े इत्यादि खराब हो जाते हैं। तंबाकू सेवन से मुंह का कैंसर होता है।
शिक्षक सुखदेव दड़वा ने कहा कि नशा नाश की जड़ है। किशोरावस्था में विद्यार्थी बुरी संगति, अज्ञानता, शौक व पियर प्रेशर इत्यादि कारणों से नशे की चपेट में आ जाते हैं। इसलिए अभिभावकों के साथ शिक्षकों की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे बच्चों को इससे दूर रहे। मनोज धीमान ने कहा कि ने नशा व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा खत्म कर देता है।
इस दौरान विद्यार्थियों को प्रेरणादायक वीडियो दिखाकर नशे के नुकसान बताए गए। वहीं दूसरी तरफ अभियान के तहत धौडंग के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों की नारा लेखन प्रतियोगिता करवाई गई। राजकीय प्राथमिक पाठशाला रामपुरा में शिक्षक अनिल कांबोज ने नशे पर विद्यार्थियों की प्रश्नोत्तरी करवाई। राजकीय माध्यमिक विद्यालय मानकपुर में विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति पर नाटक प्रस्तुत किया।