संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान की दाखिला प्रक्रिया की ओपन काउंसलिंग चरण सोमवार से शुरू हो गई। सोमवार को प्रक्रिया का पहला दिन रहा। इस दौरान ओपन काउंसलिंग में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों में काफी उत्साह नजर आया। पहले दिन नोडल आईटीआई में 300 से ज्यादा विद्यार्थी पहुंचे।
इस दौरान दोपहर 12 बजे तक 299 विद्यार्थियों ने दाखिला लेने के लिए अपने एडमिट कार्ड जमा करवाए। इसके बाद दोपहर दो बजे पहली मैन्युअल वरीयता सूची जारी की गई है। इस सीधी प्रक्रिया में एडमिट कार्ड जमा करवाने वाली तिथि में ही सभी विद्यार्थियों को दाखिले दिए जाने हैं। इस कारण नोडल आईटीआई में देर शाम तक प्रक्रिया चलती रही। शाम पांच बजे तक करीब 150 विद्यार्थियों के ही दाखिले किए जा सके।
विभाग के नियमों के अनुसार ओपन काउंसलिंग की प्रक्रिया के दौरान एडमिट कार्ड जमा करवाने वाले दिन ही दाखिला किया जा सकता है। अगले दिन विद्यार्थी को दोबारा से आवेदन करना पड़ता है। ऐसे में नोडल आईटीआई में रात करीब साढ़े आठ बजे तक प्रक्रिया जारी रही। दोपहर दो से शाम पांच बजे तक 299 में से 150 को दाखिला दिया गया।
वहीं, शेष की प्रक्रिया पांच बजे से रात साढ़े आठ बजे तक जारी रही। विभाग के निर्देशों के अनुसार सीटें भरने तक ओपन काउंसलिंग जारी रहेगी। शेड्यूल के अनुसार हर दिन दोपहर 12 बजे तक विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड जमा किए जाएंगे। इसके बाद दोपहर दो बजे मैन्युअल वरीयता सूची जारी की जाएगी।
नोडल आईटीआई में तीन चरण की ऑनलाइन प्रक्रिया में कुल 798 सीटों पर दाखिले हुए थे। संस्थान में कुल 1,348 सीटें हैं और तीन चरण की प्रक्रिया के बाद 550 सीटें रिक्त रह गई थीं। रिक्त सीटों में से सोमवार को 299 सीटें वरीयता सूची जारी कर आवंटित कर दी गईं। इस प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को पहले आओ पहले पाओ योजना के तहत दाखिला दिया जा रहा है। वरीयता सूची के बाद विद्यार्थियों को पोर्टल पर रिक्त सीटें दिखाई जाती हैं। जिस ट्रेड में विद्यार्थी का रूझान होता है वह सीट उसे दे दी जाती है। सोमवार की प्रक्रिया के बाद संस्थान की 251 सीटें रिक्त रह गई हैं। इन सीटों के लिए मंगलवार को प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
विभाग की ओर से आईटीआई का चौथा ऑनलाइन चरण रद्द कर दिया है। इसके बाद अब सीधी प्रक्रिया ओपन काउंसलिंग से विद्यार्थियों को दाखिला दिया जा रहा है। यह प्रक्रिया मंगलवार को जारी रहेगी। - भूपेंद्र सिंह सांगवान, प्राचार्य नोडल आईटीआई।
नोडल आईटीआई में दाखिला लेने उमड़ी विद्यार्थियों की भीड़। संवाद