संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गुरु नानक खालसा शिक्षण संस्थान समूह का दीक्षांत समारोह गुरु नानक खालसा कॉलेज परिसर में हुआ। समारोह में गुरु नानक खालसा कॉलेज, गुरु नानक खालसा प्रबंधन एवं तकनीकी, गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी के 450 से अधिक विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई। डिग्री पाकर विद्यार्थी खुशी से झूम उठे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा रहे। प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने दीक्षांत समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि डिग्री पाने वाले विद्यार्थियों की आज शैक्षणिक यात्रा का अंत हो गया है। परंतु इसके साथ ही आशा व जिम्मेदारी से भरे भविष्य की शुरुआत है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपाध्यक्ष मेजर राजेंद्र सिंह भट्टी ने की।
समारोह की शुरुआत में विश्वविद्यालय के टॉपर्स को पदक प्रदान किया गया। इसके बाद सभी स्नातकोत्तर और स्नातक विद्यार्थियों को डिग्री दी गई। समारोह में महासचिव बलवंत सिंह बंगा, मुख्य परिचालन अधिकारी डॉ. पीर गुलाम नबी, कॉलेज प्राचार्या डॉ. प्रतिमा शर्मा, जीएनकेआईटीएम निदेशक डॉ. अमित जोशी, जीजीएससीओपी प्रिंसिपल डॉ. कुमार गौरव, पूर्व प्रिंसिपल डॉ. मेजर हरिंद्र सिंह कंग, जीएनकेसी एलुमनाई एसोसिएशन अध्यक्ष गुरदयाल सिंह निमर व उच्च शिक्षा महानिदेशक पंचकूला से दलबीर सिंह विशिष्ट अतिथि रहे। डॉ. विजय शर्मा व डॉ. रामेश्वर दास ने डिग्री प्रदान की।