जगाधरी। न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल सुढ़ैल में शिक्षा विभाग की ओर से बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी लगाई गई। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों से पहुंचे विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण संरक्षण, कृषि और सामाजिक समस्याओं के समाधान पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। सात विषयों पर आधारित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार का प्रदर्शन किया। प्रत्येक विषय में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 2100, 1800 और 1500 रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए। इसमें जिले से कुल 126 टीमें शामिल थीं, लेकिन शुक्रवार को 78 ही पहुंची और 48 टीमें अनुपस्थित रहीं। इसमें राजकीय विद्यालयों के अलावा हरियाणा बोर्ड से संबंधित स्कूलों ने भाग लिया।
प्रदर्शनी जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंगल के नेतृत्व में लगाई गई। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और विज्ञान को दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान से जोड़ना रहा। प्रदर्शनी में सात विषय रखे गए थे। इनमें बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता, हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण, गणितीय मॉडलिंग एवं कंप्यूटेशनल चिंतन, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई, पारंपरिक एवं स्वदेशी कृषि पद्धतियां, ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान और आपदा प्रबंधन शामिल रहे। प्रदर्शन के निर्णायक मंडल में राजकीय विद्यालय साढौरा के प्राचार्य गुरदीप गुलाटी, कंवलजीत, राजकीय विद्यालय अलाहर के संजीव, राजकीय विद्यालय भटोली की सोनिया विज, पीएमश्री स्कूल मुसिंबल की सोनिया सिंघल और राजकीय विद्यालय दामला की तन्नु शर्मा शामिल रहीं। इस दौरान न्यू हैप्पी ग्रुप ऑफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन जीएस शर्मा मुख्यातिथि रहे। विशिष्ट अतिथियों में न्यू हैप्पी स्कूल की प्राचार्या डॉ. बिंदु शर्मा, जिला गणित विशेषज्ञ संजय कुमार और जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंगल शामिल रहे। प्राचार्या तोशल वाधवा ने कहा कि ऐसी प्रदर्शनियों से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है। संवाद
प्रतियोगिताओं में अव्वल विद्यार्थी
बेहतर जीवन के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषय में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर के भाविक ने प्रथम, एसवीएम स्कूल के आयुष ने द्वितीय और राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साढौरा की दिव्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हरित ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के गुरवीर सिंह ने प्रथम, राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर के लवप्रीत ने द्वितीय और राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप के भव्य ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। गणितीय मॉडलिंग एवं कंप्यूटेशनल चिंतन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लाहरपुर के कर्ण ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंभौल के दीपांशु ने द्वितीय और एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सौरव ने तृतीय स्थान हासिल किया। स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं साफ-सफाई विषय में पीएमश्री स्कूल दामला के प्रकाश ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर के लक्ष्य कुमार ने द्वितीय और राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप के कर्ण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पारंपरिक एवं स्वदेशी कृषि पद्धतियों में विद्यावंती स्कूल की तमन्ना ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अर्पित ने द्वितीय और एसडी सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगाधरी के श्रेयांश ने तृतीय स्थान हासिल किया। ग्रामीण परिवर्तन के लिए विज्ञान विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की मन्नत ने प्रथम, राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी के शब्द ने द्वितीय और राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय व्यासपुर की कृतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। आपदा प्रबंधन विषय में एसडी स्कूल जगाधरी के संदीप कुमार ने प्रथम, इसी स्कूल के पीयूष ने द्वितीय और राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खदरी के रचित ने तृतीय स्थान हासिल किया।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते निर्णायक मंडल के सदस्य। विभाग
प्रदर्शनी का अवलोकन करते निर्णायक मंडल के सदस्य। विभाग