कॉलेज के कार्यक्रम के दौरान शपथ लेते विद्यार्थी, प्राध्यापक व अन्य। संस्थान
यमुनानगर। मुकंद लाल नेशनल कॉलेज में यमुना यूथ विजन अभियान के तहत प्रहरी क्लब की ओर से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। इसमें जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के करीब 350 विद्यार्थियों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुट होने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत करवाना और नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में मुकंद लाल नेशनल कॉलेज के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों और राष्ट्रीय कैडेट कोर के कैडेटों के अलावा गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज, डीएवी गर्ल्स कॉलेज और गुरु नानक खालसा कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। व्याख्यान में सुशील आर्य और डॉ. नवीन ने नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता जगाधरी एसडीएम विश्वनाथ ने विद्यार्थियों से नशे के विरुद्ध सामूहिक प्रयास करने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। डॉ. बुलबुल कटारिया ने विद्यार्थियों को नशामुक्ति की शपथ दिलवाई। उन्होंने नशे से दूर रहने के साथ दूसरों को भी इस बुराई के प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया। प्रश्न-उत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। इस दौरान डॉ. श्रीप्रकाश, प्रहरी क्लब की संयोजक डॉ. सविता गर्ग, डॉ. ममता ओबरॉय, डॉ. पूनम, डॉ. राहुल सिंह, डॉ. उमंग बरेजा, डॉ. वकील सिंह, डॉ. पूजा रानी, डॉ. रामेश्वर और सहायक प्रोफेसर कमल किशोर भी उपस्थित रहे।
कॉलेज के कार्यक्रम के दौरान शपथ लेते विद्यार्थी, प्राध्यापक व अन्य। संस्थान