यमुनानगर। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने कक्षा नौवीं और 11वीं की वार्षिक परीक्षाओं की डेट शीट जारी कर दी है। बोर्ड के अनुसार कक्षा 11वीं की पहली परीक्षा 17 फरवरी से शुरू होगी, जबकि कक्षा नौवीं की परीक्षा 16 फरवरी से आरंभ होगी। डेट शीट जारी होते ही यमुनानगर जिले के सरकारी और निजी स्कूलों में परीक्षा की तैयारियां तेज हो गई हैं। विद्यार्थी जहां रिवीजन में जुट गए हैं, वहीं शिक्षा विभाग और स्कूल प्रबंधन व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में लगा है। बोर्ड द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षाएं निर्धारित समय-सारिणी के तहत शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित की जाएंगी। यमुनानगर जिले में बड़ी संख्या में विद्यार्थी इन कक्षाओं की परीक्षा में शामिल होंगे। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि परीक्षाओं से पहले पाठ्यक्रम की पुनरावृत्ति कराई जाए, मॉडल प्रश्नपत्र हल करवाए जाएं और विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया जाए, ताकि परीक्षा परिणाम बेहतर रहें।