संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बापा में भारतीय भाषा ग्रीष्मकालीन शिविर का मंगलवार को दूसरा दिन रहा। इस दौरान विद्यार्थियों को भाषा कौशल विकसित करने की विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। शिविर में विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया। उन्होंने आधुनिक तकनीक व संवाद कौशल से जुड़े नए विषयों को समझा।
हिंदी प्राध्यापक राकेश पांचाल ने विद्यार्थियों को वर्चुअल सिटी टूर की अवधारणा से परिचित करवाया। उन्होंने बताया कि कंप्यूटर, मोबाइल और इंटरनेट से किसी भी शहर के प्रमुख स्थलों, ऐतिहासिक इमारतों, बाजारों और पार्कों का ऑनलाइन अवलोकन किया जा सकता है। इससे बिना यात्रा किए विभिन्न स्थानों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन संवाद अभ्यास के महत्व के बारे में भी बताया। इन गतिविधियों से विद्यार्थी अभिवादन करना, परिचय देना, रास्ता पूछना, खरीदारी करना, सहायता मांगना और फोन पर प्रभावी बातचीत करना सीखते हैं। इस प्रकार के अभ्यास भाषा दक्षता और आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होते हैं। शिविर में विद्यार्थियों ने भाषा सीखने के नए तरीकों को अपनाने में रुचि दिखाई। इस दौरान सुरेश वर्मा, रजनी देवी, प्रवीण कुमार, रीना सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।