जगाधरी। महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय में कंप्यूटर एवं प्रबंधन विभाग की ओर से बीसीए और बीबीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए तीन दिवसीय संचार कौशल कार्यशाला लगाई गई। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रभावी संवाद कौशल, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व विकास और व्यावसायिक संचार क्षमता को विकसित करना रहा।
कार्यक्रम कंप्यूटर विभागाध्यक्ष प्रो. रणदीप के नेतृत्व में करवाया। प्राचार्या डॉ. करुणा ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों की रोजगार क्षमता में वृद्धि होती है और उन्हें भविष्य में बेहतर अवसर प्राप्त करने में मदद मिलती है। प्रो. रणदीप ने कहा कि प्रभावी संवाद कौशल उच्च शिक्षा, नौकरी के साक्षात्कार और कार्यस्थल पर सफलता के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को मौखिक एवं अमौखिक संवाद, सक्रिय श्रवण तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास के साथ नेतृत्व क्षमता और टीमवर्क की भावना को भी बढ़ावा मिला। इस अवसर पर शीतल, शालू, रमनप्रीत, गरिमा, मंजू सहित अन्य मौजूद रहे।