यमुनानगर। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में शैक्षणिक संस्थानों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सेफ सिटी टीम ने एएसआई नीलम के नेतृत्व में हार्ट्रोन सेंटर जगाधरी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला विरुद्ध अपराध, साइबर अपराध और सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से समझाया गया। टीम ने विद्यार्थियों को किसी भी आपात स्थिति में पुलिस सहायता के लिए उपयोग होने वाले 112 मोबाइल एप की जानकारी दी। एएसआई नीलम ने छात्रों के मोबाइल फोन में 112 एप डाउनलोड करवाया और इसके उपयोग की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि यह एप आपातकालीन स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में बेहद उपयोगी है। साथ ही ट्रिप मॉनिटरिंग सेवा के बारे में भी जानकारी दी गई। इस सुविधा से परिजन भी यात्रा की निगरानी कर सकते हैं।
कार्यक्रम में साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्रों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।