संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। साढौरा के राजपुर स्थित पॉलिटेक्निक में प्रैक्टिकल देने जा रहे छात्रों को निजी बस परिचालक ने नीचे उतार दिया। दूसरी बस से पहुंचे छात्रों को मामले का वीडियो दिखाने के बाद प्रैक्टिकल देने दिया गया।
बस अड्डा यमुनानगर से जब 80 छात्र अपने कॉलेज में जाने के लिए निजी बस में चढ़ने लगे तो परिचालक ने उन्हें नीचे उतार दिया। इस पर छात्रों ने डायल 112 पर फोन करके पुलिस बुला ली। काफी देर तक अड्डे पर हंगामा होता रहा। पुलिस ने दूसरी बस में बिठाकर छात्रों ने उनके कॉलेज में भेजा। छात्र मोहित व अन्य ने बताया कि सोमवार को पॉलिटेक्निक राजपुर में उनका फाइनल परीक्षाओं का प्रैक्टिकल था। समय सुबह साढ़े नौ बजे था। जब वह बस स्टैंड यमुनानगर पर पहुंचे निजी बस के परिचालक ने उन्हें यह कह कर नीचे उतार दिया कि रोडवेज का पास नहीं चलेगा।
निजी बस संचालकों ने गलती मानी : एडीटीओ
एडीटीओ गुरप्रीत संधू ने बताया कि निजी बसों में छात्रों को बैठाने से मना करने की शिकायत मिलने के बाद अड्डे पर नोटिस लगा दिया गया था। आज जब यह मामला संज्ञान में आया तो निजी बस संचालकों को कार्यालय में बुला लिया था। उन्होंने गलती मानते हुए कहा है कि वह भविष्य में दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। आखिरी चेतावनी देते हुए उन्हें सुधार करने के लिए कहा गया है।
नियमानुसार रोडवेज और प्राइवेट दोनों बसों में पास मान्य होता है। इस संबंध में मेरे पास बस अड्डा प्रबंधक की तरफ से सूचना दी गई थी। निजी बस का नंबर नोट कर लिया है। इसकी लिखित शिकायत आरटीए को दी जाएगी। यहां तक की बस का लाइसेंस तक रद्द करने की मांग की जाएगी। - संजय रावल, रोडवेज जीएम, यमुनानगर।
फाइनल परीक्षाओं के प्रेक्टिकल थे। छात्रों ने बस अड्डे से ही इसकी वीडियो बनाकर उन्हें भेजी थी। छात्रों के भविष्य को देखते हुए उन्हें देरी से प्रेक्टिकल देने दिया गया। निजी बसों की मनमानी की शिकायतें रोजाना विद्यार्थियों द्वारा की जा रही हैं। - आभा बंसल, कार्यवाहक प्रिंसिपल, पॉलिटेक्निक राजपुर।