संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विश्व मलेरिया दिवस के उपलक्ष्य में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से वीरवार को जिले में 24 से अधिक जगहों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक किया गया। विद्यार्थियों के सहयोग से जागरूकता रैली निकाली गई।
हुडा सेक्टर-17 स्थित मलेरिया डिस्पेंसरी में सिविल सर्जन डॉ. मंजीत सिंह की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। डिप्टी सिविल सर्जन एवं जिला मलेरिया अधिकारी डाॅ. सुशीला सैनी ने कहा कि यह राहत की बात है कि दो साल से जिले में मलेरिया का केवल एक-एक केस ही मिला है। यह सब लोगों की जागरूकता और स्वास्थ्य विभाग के कर्मठ स्टाफ की वजह से ही संभव हो पाया है। जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने भी मलेरिया से बचाव के बारे जानकारी दी।
वहीं राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मॉडल कॉलोनी में पोस्टर, स्लोगन, स्पीच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पोस्टर मेकिंग में 8वीं कक्षा की गौरी प्रथम, 9वीं की रजनी द्वितीय व 10वीं की पलक तृतीय रही। स्लोगन प्रतियोगिता में 7वीं का कुशल पहले, 9वीं का धैर्य दूसरे व 8वीं का गिरीश तीसरे, स्पीच प्रतियोगिता में 10वीं की अंजली पहले, छठी की गरिमा दूसरे, 8वीं की मानसी तीसरे स्थान पर रही प्रतियोगिता के विजेताओं को विभाग की तरफ से पुरस्कृत किया गया। वहीं मुखर्जी पार्क में जागरूकता रैली निकाली गई।