जगाधरी। लोकतंत्र की मजबूती में निष्पक्ष चुनाव व मतदान का विद्यार्थियों को महत्व बताने के लिए शिक्षण संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को यमुनानगर विधानसभा क्षेत्र के शिक्षण संस्थानों के लिए तेजली स्थित जिला शिक्षा व प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में कार्यक्रम करवाया गया। इसमें विद्यार्थियों की निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों से 80 से ज्यादा विद्यार्थियों ने भाग लिया।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में मतदाता जागरूकता क्लब के माध्यम से कार्यक्रम करवाए जा रहे हैं। कार्यक्रम में उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा मुख्यातिथि रहे। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता बक्शी विशिष्ट अतिथि रहीं।
इस दौरान मुख्यातिथि नवीन आहूजा ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर मत की अहमियत है। मतदाता को बिना किसी दबाव, लालच या भेदभाव के अपने विवेक से मतदान करना चाहिए। सही प्रतिनिधि का चयन करने के लिए उम्मीदवार की कार्यशैली, योग्यता और जनहित के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को ध्यान में रखना जरूरी है। उपजिला शिक्षा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी शिव कुमार धीमान ने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इसका इस्तेमाल जाति, धर्म, क्षेत्र या किसी प्रलोभन के आधार पर नहीं, बल्कि विकास और जनहित को ध्यान में रखकर करना चाहिए। हर मतदाता को चुनाव प्रक्रिया की जानकारी होनी चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता डायट प्राचार्य दुष्यंत चहल ने की। प्रतियोगिता में मॉडल कॉलोनी स्कूल के प्राचार्य रघुबीर सिंह, प्राचार्या किरण वधावन, डाइट प्राध्यापक बलबीर सिंह, सोनिका, जय कुमार, तरसेम ने प्रतियोगिता निर्णायक की भूमिका निभाई और प्रतियोगिताएं करवाई।
निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे
प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण, मतदान के अधिकार और चुनाव व्यवस्था से संबंधित सवाल पूछे गए। इसके साथ ही उन्हें इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली और मतदान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रतियोगिता में मॉडल कॉलोनी स्कूल के प्राचार्य रघुबीर सिंह, प्राचार्या किरण वधावन, डाइट प्राध्यापक बलबीर सिंह, सोनिका, जय कुमार और तरसेम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। नोडल अधिकारी ने बताया कि इसके परिणाम बाद में जारी किए जाएंगे। विजेताओं को जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डाइट में कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थी व अधिकारी। विभाग
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान डाइट में कार्यक्रम के दौरान उपस्थित विद्यार्थी व अधिकारी। विभाग