संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। तेजली खेल परिसर में मंगलवार को 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इस दौरान एडीसी आयुष सिन्हा ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समा बांध दिया।
देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों पर विद्यार्थियों ने जोश से भरी प्रस्तुतियां दीं। वहीं, डंबल व मास पीटी के दल ने सभी में जोश भरा। रिहर्सल के दौरान पुलिस का डॉग शो व घुड़सवार पुलिस के कारनामों ने सभी को हैरान कर दिया। एडीसी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे।
एडीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि मार्च पास्ट का नेतृत्व एएसपी डॉ. राजेश मोहन करेंगे। मार्च पास्ट में पुलिस की पहली टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक संतोष, महिला पुलिस की टुकड़ी का नेतृत्व पीएसआई रूची, पुलिस की तीसरी टुकड़ी का नेतृत्व पीएसआई अजय, पुलिस की चौथी टुकड़ी का नेतृत्व एएसआई विजेंद्र, पुलिस की पांचवीं टुकड़ी का नेतृत्व पीएसआई गौरव कुमार ने किया।
हरियाणा होमगार्ड टुकड़ी का नेतृत्व एसआई रमेश कुमार, एनसीसी लड़कियों की टुकडी का नेतृत्व सार्जेंट अंडर ऑफिसर साक्षी, स्काउट की टुकड़ी का नेतृत्व अभिषेक पाल, गर्ल्स गाइड की टुकडी का नेतृत्व कुमारी पायल, प्रजातंत्र के प्रहरी टुकड़ी का नेतृत्व कुमारी हंसिका ने किया।