संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्री शिरडी साईं मंदिर में चल रहे साईं सौभाग्य शिक्षण संस्थान का बुधवार को वार्षिकोत्सव व प्रवेश उत्सव मनाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से धूम मचाई। विद्यार्थियों को नई कक्षा में प्रवेश करवाया गया।
सीए एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष अनुज जिंदल मुख्यातिथि रहे। महासचिव निपुण गर्ग ने बताया कि संस्थान में पढ़ रहे 80 विद्यार्थियों को अगली कक्षा में पदोन्नत किया गया। इनमें आठ विशेष रूप से सक्षम विद्यार्थी भी शामिल हैं। उत्सव के दौरान विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों ने गिद्धा, भंगड़ा, डॉक्यूमेंट्री सहित अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों ने सभी को मुग्ध कर दिया। पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 11 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
इसके अन्य गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि संस्था की समग्र शिक्षा की प्रतिबद्धता के अंतर्गत सभी विद्यार्थियों को शिक्षा किट वितरित की गई। विद्यार्थियों को स्कूल बैग, टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल, नोटबुक सहित अन्य शिक्षण सामग्री प्रवेश के साथ प्रदान की गई है।
मुख्यातिथि अनुज जिंदल ने मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। सभी विद्यार्थियों को नई कक्षा व उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वहीं, कार्यक्रम के दौरान संस्था की ओर से छात्र कल्याण की नई योजनाओं की घोषणा की गई। इन योजनाओं से विद्यार्थियों को और अधिक सुविधा व सहयोग प्रदान करने का प्रयास है।