जगाधरी। भंभौली स्थित सर्वाेदय विद्या मंदिर विद्यालय में वार्षिक महोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से धूम मचा दी। इस दौरान लोक परंपरा के साथ भारत की समृद्ध संस्कृति की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में देवी लाल कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्राचार्य डॉ. विनोद पुंडीर मुख्यातिथि रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती पूजन व वंदन से किया गया। महोत्सव में विद्यार्थियों ने कव्वाली, देश भक्ति, राजस्थानी, मराठी, हरियाणवी, गिद्दा, भांगड़ा सहित अन्य लोक परंपरा के गीत व नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मुग्ध कर दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने नाटक से मोबाइल के दुष्प्रभाव के बारे में बताया।
ऑपरेशन सिंदूर की घटना को विद्यार्थियों ने बेहद शानदार तरीके से प्रस्तुत किया। जिससे सभागार में भारत माता की जय के घोष गूंज उठे। विद्यार्थियों ने गिद्दा और भंगड़ा से सभी को थिरकने के लिए विवश कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अनिता वैद्य और कुमारी खुशी राणा ने किया। इस दौरान डॉ. पुंडीर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को शारीरिक ,मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं।